हरियाणा के रोहतक में मोबाइल फोन हैक करके एक व्यक्ति के बैंक खाते से 98,888 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित मंजीत सूर्या कॉलोनी का निवासी है और एक निजी कंपनी में काम करता है। उसने बताया कि मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाने के दौरान अपने आप अपडेट होने लगा। इस प्रक्रिया पर उसका कोई नियंत्रण नहीं था। फोन सामान्य होने के बाद उसे बैंक खाते से पैसे निकलने के दो संदेश मिले। जांच करने पर पता चला कि खाते से Google Pay के माध्यम से दो बार लेनदेन किया गया था। पहली बार 50,000 रुपये और दूसरी बार 48,888 रुपये निकाले गए। इसके बाद मंजीत ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को Google Pay के स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट भी उपलब्ध कराए। मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी APK फाइल भेजकर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसी फाइलें वाहन चालान और शादी के कार्ड के नाम पर भेजी जा सकती हैं। साइबर क्राइम थाना प्रभारी बाबू राम ने शिकायत मिलने और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Source: Source