छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी साली के चरित्र पर सार्वजनिक रूप से लांछन लगाने और उसे अपमानित करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय गीता राय 15 अप्रैल को मुंगेली जिले के बरछा गांव में अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान टिकारी निवासी उसके जीजा विनेत जोगी ने सतीश राय के सामने उसके चरित्र को लेकर अपशब्द कहे। इस घटना के बाद समारोह में विवाद और हंगामा हुआ। सार्वजनिक रूप से अपमानित होने से गीता मानसिक तनाव में आ गई। घर लौटने के बाद 18 अप्रैल की रात उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी गीता को पहले बिलासपुर और फिर रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और बाद में जांच मल्हार चौकी को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने युवती के मृत्यु पूर्व बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के रिकॉर्ड, घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयानों की समीक्षा की। पुलिस के मुताबिक, मृत्यु पूर्व बयान में युवती ने शादी समारोह के विवाद और उसके बाद हुए मानसिक तनाव का उल्लेख किया था। इन तथ्यों के आधार पर विनेत जोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Source: Source