छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में कपड़ों के बचे हुए टुकड़ों से गद्दे, कुशन और तकिए बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन की पहल पर बड़ेकनेरा मार्ग स्थित सर्व मांगलिक भवन में कॉटन गद्दा निर्माण इकाई शुरू की गई है। इस यूनिट का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और विधायक लता उसेंडी ने किया। कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस इकाई को शुरू करने में करीब 5 लाख रुपये की लागत आई है। फिलहाल यहां 10 हितग्राही काम कर रहे हैं। प्रत्येक हितग्राही की संभावित मासिक कमाई 7,500 से 10,000 रुपये तक बताई गई है। भविष्य में इस इकाई के जरिए करीब 30 लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। महिलाओं के साथ ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और दिव्यांग युवाओं को भी रोजगार से जोड़ने की योजना है। उत्पादन क्षमता के अनुसार, 10 कर्मचारी प्रतिदिन 80 से 100 गद्दे तैयार कर सकेंगे। यहां बनने वाले उत्पादों को स्थानीय बाजार के अलावा पूरे छत्तीसगढ़ में बेचने की योजना है। कपड़ों के अपशिष्ट का दोबारा उपयोग होने से कचरा कम करने में भी मदद मिलेगी। विधायक लता उसेंडी ने इस पहल को रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी बताया। प्रशिक्षण के जरिए हितग्राहियों को कुशल बनाकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
Source: Source