छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अनुराधा लकड़ा और उसके पिता जोखनलाल शामिल हैं। अनुराधा अंबिकापुर के आईजी कार्यालय में पदस्थ एक कांस्टेबल की पत्नी है। आमापारा निवासी संतोष कुमार सारथी ने आरोप लगाया कि उसे छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। शिकायत के अनुसार, 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 के बीच उससे किश्तों में करीब 13.69 लाख रुपये लिए गए। नौकरी नहीं मिलने पर पैसे वापस मांगने पर उसे कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद अनुराधा, उसके पति राजकुमार लकड़ा, पिता जोखनलाल और डॉ. प्रकाश अनंत के खिलाफ मामला दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान अनुराधा और उसके पिता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। मामले में भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। सोनहत थाना क्षेत्र में भी अनुराधा के खिलाफ पांच लाख रुपये की ठगी से जुड़ी शिकायत दर्ज है। एक युवक ने आबकारी आरक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब तीन लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। एक अन्य युवक ने भी इसी तरह दो लाख रुपये की ठगी की शिकायत की है। पुलिस ने संबंधित शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source