छत्तीसगढ़ के बीजाभाठा-सुरेगांव मुख्य मार्ग पर टैंक नंबर-2 के पास मेटाडोर की टक्कर से 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र कुलेश्वर साहू की मौत हो गई। कुलेश्वर बीजाभाठा गांव का निवासी था और भरदाकला के हाईस्कूल में पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह खाना खाने के बाद पैदल टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार मेटाडोर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, मेटाडोर की हेडलाइट बंद थी और चालक इंडिकेटर के सहारे तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। हादसे के समय कुलेश्वर के साथ उसके दो दोस्त भी गांव से करीब 500 मीटर दूर टहल रहे थे। घटना की सूचना मृतक के चाचा महेश कुमार साहू ने पुलिस को दी, जिसके बाद अर्जुंदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 281 और 125(ए) के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे से कुलेश्वर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके माता-पिता परस साहू और रैमुन बाई साहू को शादी के 14 साल बाद जुड़वां बेटा और बेटी हुए थे, लेकिन परिवार में जीवित बचा बेटा कुलेश्वर ही था। महज 17 साल की उम्र में उसकी मौत से परिवार ने अपना इकलौता जीवित बेटा खो दिया।
Source: Source