हरियाणा के पलवल जिले में साइबर ठगों ने दो लोगों से कुल 6 लाख 3 हजार 260 रुपये की धोखाधड़ी की। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में धतीर गांव निवासी अजीत सिंह को 5 अक्टूबर को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अडानी गैस का प्रतिनिधि बताते हुए बकाया बिल तुरंत भरने को कहा। इसके बाद ठगों ने उन्हें व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा। अजीत सिंह के लिंक खोलते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और एसबीआई खाते से अलग-अलग किस्तों में 3 लाख 87 हजार 223 रुपये कट गए। उन्होंने तुरंत अपना एटीएम बंद कराया, फोन रीसेट किया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। दूसरे मामले में पलवल के श्यामनगर निवासी अक्षय कुमार वर्मा को 11 अक्टूबर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एसबीआई और एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की KYC अपडेट करने का झांसा दिया। आरोप है कि लिंक पर क्लिक करते ही उनका फोन हैंग हो गया और दोनों क्रेडिट कार्ड से पैसे निकलने लगे। ठगी का पता चलते ही अक्षय ने कार्ड बंद कराए और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दी। हालांकि, तब तक उनके कार्ड से 2 लाख 16 हजार 37 रुपये निकाले जा चुके थे। साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप के अनुसार, दोनों शिकायतों पर जांच की जा रही है। पुलिस लोगों से अनजान कॉल और लिंक से सावधान रहने की अपील कर रही है।
Source: Source