पंजाब के लुधियाना शहर के वार्ड नंबर 21 की मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षद अनीता नंचाल का निधन हो गया है। उनके अचानक निधन से परिवार, समर्थकों और स्थानीय निवासियों में शोक की लहर है। परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले उनकी चूले की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद से वह घर पर आराम कर रही थीं। बुधवार सुबह अचानक उन्होंने घबराहट होने की शिकायत की। उनकी हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक का माहौल है। शोक पत्र के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे लुधियाना के जमालपुर श्मशान घाट में किया जाएगा।
Source: Source