मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल 1076 पर दर्ज एक शिकायत के बाद मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत डोमनापारा में हुए भ्रष्टाचार और घटिया सड़क निर्माण की कलई खुल गई है। वार्ड क्रमांक एक में निर्मित सीसी सड़क निर्माण के दौरान नियमों की अनदेखी की गई थी, जिसके तहत सड़क उखड़ने, गिट्टियां निकलने और सूचना पटल न होने की गंभीर शिकायत की गई थी। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण में सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत द्वारा एक तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान शिकायत और मौके के हालात पूरी तरह सही पाए गए। इसके आधार पर जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी तत्कालीन सरपंच, सचिव और तकनीकी सहायक के विरुद्ध कुल 42 हजार रुपये की रिकवरी निर्धारित की है। विभागीय आकलन के मुताबिक इस राशि का उपयोग सड़क की मरम्मत और क्षतिपूर्ति के लिए किया जाएगा। इस सख्त प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित होने का एक कड़ा संदेश गया है।
Source: Source