हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में दिल्ली रोड पर बुधवार सुबह डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब सवा आठ बजे पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतक की पहचान हरनाथ के रूप में हुई है, जो मकान बनाने का चिनाई का काम करता था। वह पिपली गांव में किराए के मकान में रहता था। बुधवार सुबह वह अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए खरखौदा आया था। पेट्रोल पंप के पास से लौटते समय पीछे से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हरनाथ डंपर की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतक के भतीजे ने बताया कि हरनाथ पेट्रोल भरवाने के लिए खरखौदा आया था और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हुआ। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर फोन किया। इसके बाद डायल 112 की टीम और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। फरार चालक की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
Source: Source