लुधियाना में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने 30 वर्षीय भावेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि आरोपी ने करीब चार से पांच महीने पहले फेसबुक के जरिए लड़की से संपर्क किया था। बाद में दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। पीड़िता की मां पेशे से मेकअप आर्टिस्ट हैं और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहती हैं। शिकायत के अनुसार, 28 सितंबर की रात मां के काम पर जाने के बाद आरोपी ने लड़की पर मिलने का दबाव बनाया। आरोप है कि इसके बाद वह घर पहुंचा और नाबालिग के साथ जबरदस्ती की। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी उसे डराने और ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि उसने धमकाकर कई बार उसका यौन शोषण किया और लगातार मिलने के लिए दबाव डालता रहा। लड़की के डरे-सहमे व्यवहार को देखकर उसकी मां ने उससे बातचीत की, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। परिवार ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर कुलविंदर कौर कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
Source: Source