जालंधर में पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बस्ती बावा खेल अड्डा स्थित मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर आनंद मेडिकल स्टोर और प्रभजोत मेडिकल स्टोर की जांच की गई। कार्रवाई का नेतृत्व एसीपी आतिश भाटिया, एसएचओ संजीव सूरी और ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने किया। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि इन दुकानों पर अवैध रूप से नशीली दवाइयां बेची जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक को दुकान पर भेजा, जिसने कथित तौर पर एक हजार रुपये की नशीली दवाइयां खरीदीं। इसके बाद पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने तत्काल छापेमारी की। जांच में आरोपियों द्वारा नशीली गोलियां उनके मूल पैकेट से निकालकर खुले में दूसरे डिब्बे में रखकर बेचने की बात सामने आई। पुलिस ने दुकान के साथ संचालक आनंद के घर पर भी छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पिता-पुत्र को हिरासत में लिया गया और 100 से अधिक प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, संबंधित दुकान पर पहले भी नशीली दवाइयां बेचने के आरोप में कार्रवाई हो चुकी है और आरोपी को जेल भेजा गया था। आरोप है कि जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर से यह कारोबार शुरू कर दिया। अब संबंधित मेडिकल स्टोर को सील करने और उसका लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर मामले की जांच कर रही है।
Source: Source