छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से छह अपचारी बालक फरार हो गए। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र में रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, भोजन के लिए बैरक से बाहर निकाले जाने के दौरान बालकों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने रसोइये पर गर्म खाना फेंका और ड्यूटी पर तैनात गार्ड को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद छह बालक वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। भागने के दौरान दो बालक घायल हो गए और पकड़ लिए गए। इनमें से एक पैरों में गंभीर चोट लगने के कारण खुद वापस लौट आया, जबकि दूसरे को सिर में चोट लगने के बाद पुलिस ने पकड़ लिया। बाकी चार फरार बालकों की तलाश जारी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। फरार बालकों की उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है और उनके खिलाफ हत्या तथा चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी अंबिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह और प्लेस ऑफ सेफ्टी से बालकों के फरार होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पूर्व में हुई घटनाओं के बाद संस्था के अधीक्षक को निलंबित किया जा चुका है। प्रशासन ने दोनों संस्थानों की सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए हैं, जबकि ताजा घटना के बाद पुलिस चारों बालकों की तलाश कर रही है।
Source: Source