छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने 13 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (SI) की अलग-अलग थाना-चौकियों में पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इनमें से नौ ट्रेनी SI को स्वतंत्र प्रभार दिया गया है, जबकि चार को शहरी थानों में थाना प्रभारियों के अधीन काम सीखने के लिए तैनात किया गया है। एसएसपी ने 12 अक्टूबर को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से आए प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ बैठक की थी। संतोष कुमार चौरसिया को सिटी कोतवाली जशपुर, नील मणि निषाद को पत्थलगांव, संतोष कुमार वर्मा को बगीचा और शेखर सिंह राजपूत को कुनकुरी थाने में पदस्थ किया गया है। स्वतंत्र प्रभार पाने वाले अधिकारियों में माधुरी वर्मा, लक्ष्मी मरकाम, जय प्रकाश, मोहन लाल मरकाम, राजकुमार, देविका, जितेंद्र साहू, विंबलेश्वरी मरकाम और शेष नारायण दीवान शामिल हैं। इन्हें जिले की विभिन्न थाना-चौकियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशिक्षु अधिकारियों को अपराधों की जांच, थाना संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इसके अलावा जिले के 13 निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के कार्यस्थल भी बदले गए हैं। निरीक्षक राकेश यादव को बागबहार से सन्ना और उप निरीक्षक सुनील सिंह को दुलदुला से बागबहार थाना प्रभारी बनाया गया है। अन्य अधिकारियों को भी प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार अलग-अलग थानों और चौकियों में भेजा गया है। तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेगा। पुलिस विभाग को उम्मीद है कि इस फेरबदल से थाना-चौकियों का कामकाज बेहतर ढंग से संचालित होगा और प्रशिक्षु अधिकारियों को फील्ड में जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलेगा।
Source: Source