दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बाहरी इलाकों में जुए के अड्डों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खरोरा पुलिस ने ग्राम सारागांव में ग्वाला पोल्ट्री फार्म के पास चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारा। इस कार्रवाई में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 3 लाख 48 हजार 820 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त कीं। नकदी सहित जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 14 लाख 53 हजार 820 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोल्ट्री फार्म के पास काटपत्ती का जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने 12 लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान जुआ फड़ का मुख्य आरोपी उमेश साहू फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर जिले के अलावा बिलासपुर और बलौदाबाजार के लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक कार, आठ दोपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गोलू यादव, राजा साहू, डिगेश्वर वर्मा, मूलचंद साहू, एसराज निषाद, शत्रुहन वर्मा, नारायण चन्द्राकर और खिलेश्वर वर्मा सहित कुल 12 लोग शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दीपावली के मद्देनजर पुलिस ने बाहरी और ग्रामीण इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि जुए के अड्डों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source: Source