धमतरी के नगरी क्षेत्र के देवपुर निवासी 26 वर्षीय शशिकांत भरत को 10 साल बाद बेहतर इलाज की उम्मीद मिली है। सोशल मीडिया पर उनकी बेबसी का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने शशिकांत से फोन पर बात कर उनके इलाज के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। डॉक्टरों की विशेष टीम ने जरूरी चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें 9 सितंबर की देर शाम रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया। एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो गया है। शशिकांत 2016 में भटगांव आईटीआई में पढ़ाई कर रहे थे, तभी घर लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हुए। 11 नवंबर 2016 को दुगली के पास हुए हादसे में उनकी स्पाइनल कॉर्ड गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। सर्वाइकल संबंधी समस्या के कारण उनके हाथ-पैरों ने काम करना बंद कर दिया और वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। होश में आने के बाद उनका पूरा शरीर लकवाग्रस्त हो गया। परिवार ने पिछले 10 वर्षों में धमतरी और रायपुर समेत कई अस्पतालों में इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उपचार पूरा नहीं हो सका। लगातार परेशानी और इलाज के अभाव में शशिकांत ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार से इलाज या इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई थी। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने उनकी मदद के निर्देश दिए और अब उनके इलाज की जिम्मेदारी उठाई गई है।
Source: Source