दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर में अभी रोजाना करीब 3 से 3.5 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। छुट्टी के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में करीब दोगुनी हो जाती है। मंदिर के मुख्य द्वार पर शुरू की गई काउंटिंग व्यवस्था से पहली बार रोजाना आने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा मिल रहा है। अनुमान है कि नवरात्रि में प्रतिदिन 10 से 15 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंच सकते हैं। पंचमी और अष्टमी जैसे विशेष दिनों में यह संख्या 25 हजार तक पहुंचने का अनुमान है। भीड़ को देखते हुए पहली बार VIP और मोस्ट VIP श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश मार्ग बनाया जा रहा है। मोस्ट VIP श्रद्धालुओं को सिंह द्वार से मंदिर तक ले जाने की व्यवस्था होगी। VIP श्रद्धालुओं के लिए सिंह द्वार से पहले ही मंदिर के पिछले गेट तक पहुंचने वाली सड़क तैयार की जा रही है। आम श्रद्धालुओं का प्रवेश मुख्य द्वार से होगा और उनकी कतार व दर्शन व्यवस्था अलग रखी जाएगी। नवरात्रि आयोजन के लिए मंदिर समिति ने करीब 1.50 करोड़ रुपये के बजट की जरूरत बताई है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए गायत्री मंदिर चौक से जय स्तंभ चौक तक सड़क नौ दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखने की तैयारी है। वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने के साथ देवभोग होटल के पीछे, हाईस्कूल ग्राउंड और मेला स्थल समेत कई जगह पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। बढ़ती भीड़ के बीच मंदिर दर्शन, पार्किंग, यातायात और VIP मूवमेंट को संभालना प्रशासन के लिए प्रमुख चुनौती रहेगा।
Source: Source