बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने के लिए बिजली कंपनी ने कार्रवाई तेज कर दी है। सरकारी विभागों पर कुल 117 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया बताया गया है। शुरुआती कार्रवाई राजनांदगांव संभाग के स्कूलों से शुरू की गई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के 500 से अधिक स्कूलों की बिजली लाइन 8 और 9 सितंबर को काटी गई। इन स्कूलों पर 45 लाख रुपए से अधिक का बकाया था। कई बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटे गए थे। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप और शिक्षा विभाग से चर्चा के बाद कई स्कूलों की बिजली दोबारा जोड़ दी गई। डोंगरगढ़ ब्लॉक के मोहारा स्थित हायर सेकंडरी स्कूल की बिजली भी गुरुवार को काटी गई। बिजली कंपनी ने बकाया वसूली के लिए कुल 1775 स्कूल कनेक्शनों को नोटिस जारी किया है। इन कनेक्शनों पर 87 लाख रुपए से अधिक का बिजली बिल बकाया है। संबंधित स्कूलों में प्री-पेड मीटर लगाने का काम पूरा हो चुका है, लेकिन उनका संचालन अभी शुरू नहीं हुआ है। कंपनी के अनुसार स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसलिए कटे हुए कनेक्शन दोबारा जोड़े जा रहे हैं। सीएसपीडीसीएल के चीफ इंजीनियर एचके मेश्राम के मुताबिक स्कूलों को बिल भुगतान के लिए नोटिस दिए गए हैं और चार से पांच किस्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
Source: Source