सिरसा के डबवाली में पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े आरोपी कुलवंत सिंह की करीब 1.29 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। पंजाब के किलियांवाली निवासी कुलवंत सिंह के खिलाफ हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कुल 13 मामले दर्ज हैं। इनमें 9 मामले नशा तस्करी से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के तहत कृषि भूमि और आवासीय संपत्तियों को फ्रीज किया है। आरोपी के छह बैंक खातों में जमा करीब 10.60 लाख रुपये भी फ्रीज किए गए हैं। इसके अलावा चार वाहनों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। इनमें हुंडई क्रेटा, टोयोटा फॉर्च्यूनर, महिंद्रा बोलेरो और अशोक लेलैंड मालवाहक ट्रक शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ डबवाली में 97 किलो पोस्त चूरा डोडा बरामद होने के बाद 2023 में मामला दर्ज किया गया था। उसे इसी मामले में 16 मई 2023 को गिरफ्तार किया गया था। वित्तीय जांच के आधार पर 10 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीजिंग ऑर्डर जारी हुआ था। सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद 7 सितंबर को संपत्तियों को नियमानुसार फ्रीज किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज 13 मामलों में कुछ कमर्शियल और इंटरमीडिएट मात्रा की नशीली सामग्री की बरामदगी से जुड़े हैं।
Source: Source