पाकिस्तान से भारत आ रहे 104 सिख श्रद्धालुओं को फैसलाबाद एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। श्रद्धालु भारत के विभिन्न ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए यात्रा कर रहे थे। इनमें श्री हेमकुंड साहिब, स्वर्ण मंदिर और दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारे शामिल हैं। श्रद्धालुओं के अनुसार, उन्हें भारत के इस्लामाबाद स्थित दूतावास से वीजा जारी किए गए थे। इसके बावजूद पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी ने उन्हें एयरपोर्ट से आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इमीग्रेशन अधिकारियों ने पाकिस्तान सरकार के गृह और विदेश विभाग की NOC मांगी। श्रद्धालुओं का कहना है कि पहले उन्हें वाघा सीमा से भारत जाने की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने महंगी हवाई टिकटें खरीदकर भारत आने का फैसला किया। फैसलाबाद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें करीब 12 घंटे तक रोके रखा गया। श्रद्धालुओं ने रात से सुबह तक एयरपोर्ट पर परेशानी झेलने की बात कही। इस दौरान उन्होंने वहीं पाठ और गुरु साहिब का जाप किया। जत्थे के नेताओं ने भारत में सिख संगठनों और नेताओं से हस्तक्षेप की अपील की है। श्रद्धालुओं ने पाकिस्तान सरकार से भारत जाने की अनुमति देने की मांग की है।
Source: Source