बिलासपुर में कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। चरणदास महंत ने कांग्रेस में टूट-फूट की अटकलों को खारिज करते हुए पार्टी को एकजुट बताया। उन्होंने दावा किया कि टूट की स्थिति भाजपा में है। महंत ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट होकर जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठाए। महंत के अनुसार मुख्यमंत्री को मंत्रियों के काम की जानकारी नहीं है और मंत्री भी मुख्यमंत्री के काम से अनजान हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर के बाद बिजली बिल चार से पांच गुना बढ़ने की शिकायतों का भी मुद्दा उठाया। महंत ने स्मार्ट मीटर नहीं लगाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस देने की कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर-चांपा में पुलिस हिरासत में युवक की मौत को लेकर सरकार के गृह विभाग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह विभाग की लापरवाही के कारण कस्टोडियल डेथ के मामले बढ़ रहे हैं। बघेल ने सड़कों, नल-जल योजना, आवास योजना, महंगाई और बढ़े बिजली बिल को लेकर भी सरकार की आलोचना की। कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में अलग-अलग विषयों पर चर्चा और सवाल-जवाब के सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
Source: Source