हरियाणा में बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को लेकर ग्राहकों को बैंकों की ओर से संदेश भेजे जा रहे हैं। बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर रहने वाले हैं। इससे पहले 26 सितंबर को चौथे शनिवार के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रखने का निर्णय लिया गया है। पंजाब नेशनल बैंक समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले पूरा करने की सलाह दी है। पीएनबी के संदेश में बताया गया है कि हड़ताल के दौरान एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी। मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सेवाओं के उपलब्ध रहने की जानकारी दी गई है। बैंक ने शाखा से जुड़े जरूरी काम 25 सितंबर तक निपटाने की सलाह दी है। बैंक कर्मचारी पांच दिन बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। यूनियनों का कहना है कि इस मांग को लेकर मार्च 2024 में समझौता हुआ था, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया। कैनरा बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के जिला प्रधान हेमंत कुमार ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने के कारण कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर की हड़ताल पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल टालने की अपील की गई है, लेकिन मांग पर अभी सहमति नहीं बनी है।
Source: Source