रेवाड़ी के नैहचाना गांव में जमीन धोखाधड़ी मामले में बावल थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जमीन की मालिक आशा देवी की जगह दूसरी महिला को खड़ा कर फर्जी रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया। शिकायत में आरोप है कि आशा देवी के पति शक्ति सिंह की जगह भी दूसरे व्यक्ति को पेश किया गया। पुलिस जांच में फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड के इस्तेमाल की बात सामने आई है। मामले में मुख्य आरोपी महिपाल को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर बबीता और राजकुमार उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जमीन से संबंधित रजिस्ट्री दस्तावेज, जमाबंदी और इंतकाल के रिकॉर्ड कब्जे में लिए हैं। जांच में वर्ष 2022 की जमाबंदी में आशा और उषा को जमीन का मालिक और काबिज पाया गया। संबंधित इंतकाल को डीसी स्तर से खारिज किया जाना भी जांच में सामने आया। पुलिस के अनुसार जमीन के इकरारनामे में कुल 20 लाख रुपये के लेनदेन का उल्लेख मिला। इसमें 4 लाख रुपये नकद और 6 लाख तथा 10 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए दिए जाने की जानकारी दर्ज थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वह जमीन की रजिस्ट्री कराने बावल तहसील स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय गई ही नहीं थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।
Source: Source