भाजपा कवर्धा जिले में 17 सितंबर से एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान पार्टी की ओर से 25 सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे। भाजपा का लक्ष्य इन कार्यक्रमों को जिला और मंडल स्तर तक सीमित रखने के बजाय हर बूथ तक पहुंचाना है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी और समय-सीमा तय करने पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर हितग्राहियों के घरों में आशीर्वाद दीप जलाए जाएंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यशाला प्रभारी शिवरतन शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कार्यक्रम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट ने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने बूथ स्तर पर कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की बताई। जिले के 14 मंडलों में आने वाले दिनों में अलग-अलग कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इन कार्यशालाओं में 25 सेवा प्रकल्पों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पार्टी इन गतिविधियों के जरिए बूथ स्तर तक संगठन और सेवा अभियान को मजबूत करने की तैयारी में है।
Source: Source