जालंधर देहात पुलिस ने विशेष अभियान के तहत एक आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी हाल ही में जेल से बाहर आया था और पहले तस्करी के मामलों में भी नामजद रहा है। थाना गोराया की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा 7.62 एमएम के चार जिंदा कारतूस और दो मैगजीन भी बरामद की गई हैं। पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह विरक के निर्देश पर अभियान चलाया था। कार्रवाई उप पुलिस कप्तान भारत मसीह लद्दड़ की अगुवाई में की गई। थाना गोराया के प्रभारी निरीक्षक परमिंदर सिंह थिंद की टीम को आरोपी के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी जगतार सिंह उर्फ जग्गा गांव भागोवाल का निवासी है और वर्तमान में गांव फलपोता में रह रहा था। वह बाबा सखता के गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी के रूप में ड्यूटी करता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को फिल्लौर की क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस उससे पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।
Source: Source