अम्बाला के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पढ़ाई का तरीका बदलने की तैयारी है। विद्यार्थियों को पूरे सत्र में 10 दिन बैगलेस लर्निंग का अनुभव मिलेगा। इन दिनों स्कूलों के बजाय खेत, मंडी, उद्योग, नर्सरी और सोलर पार्क जैसे स्थान सीखने के केंद्र बनेंगे। रेलवे स्टेशन और प्रशिक्षण केंद्रों पर भी विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। हरियाणा सरकार ने पीएम श्री सरकारी स्कूलों के लिए इस कार्यक्रम के तहत 9.30 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। प्रदेश के 250 पीएम श्री स्कूलों में 551 स्किल सेक्टर चिह्नित किए गए हैं। अम्बाला के स्कूलों को कृषि, मंडी, उद्योग और रेलवे से जुड़े क्षेत्रों का लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को किताबों में पढ़े सिद्धांतों को वास्तविक परिस्थितियों में समझने का अवसर मिलेगा। कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम में विशेष प्रावधान किया गया है। उन्हें पूरे सत्र में बैगलेस लर्निंग से जुड़ी गतिविधियों पर आधारित तीन प्रोजेक्ट तैयार करने होंगे। छात्रों को केवल भ्रमण नहीं करना होगा, बल्कि अपनी सीख और काम की प्रक्रिया को भी दर्ज करना होगा। उन्हें यह भी बताना होगा कि सीखी गई जानकारी का वास्तविक जीवन में कैसे उपयोग किया जा सकता है।
Source: Source