रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर करीब ₹8.80 लाख की साइबर ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तराखंड के रुड़की निवासी गौरव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। शिकायतकर्ता यशस्वी ने 20 दिसंबर 2025 को वर्क फ्रॉम होम के लिए आवेदन किया था। अगले दिन उसे टेलीग्राम पर मैसेज आया और बाद में व्हाट्सऐप के जरिए एक युवती ने संपर्क किया। आरोपियों ने उसे चैंपियन कंपनी में काम दिलाने और फिलिपिंग ऑर्डर पूरा करने का झांसा दिया। शुरुआत में डेमो कराया गया और काम पूरा करने पर उसके खाते में ₹750 जमा किए गए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता से कई चरणों में कुल ₹8,80,062 ट्रांसफर करवाए गए। ठगों ने इसके बाद भी उससे और रकम जमा करने को कहा, तब उसे साइबर ठगी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मोहित भट्ट और प्रशन्नवीर सिंह उर्फ प्रिंस को पहले गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान गौरव की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक गौरव कमीशन के बदले साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source: Source