रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बाइक, ट्रैक्टर और कार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल राय समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह में एक आरक्षक भी शामिल था। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई इनोवा क्रिस्टा बरामद की गई है। यह कार विधानसभा क्षेत्र के दोदेखुर्द स्थित गैरेज के बाहर से चोरी हुई थी। पूछताछ में पुलिस ने वाहन चोरी की आठ वारदातों का खुलासा किया है। इनमें बुलेट, KTM, एक्टिवा, स्प्लेंडर और दो ट्रैक्टर की चोरी शामिल है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की मुलाकात जेल में हुई थी। इसके बाद उन्होंने वाहन चोरी कर उन्हें अलग-अलग लोगों के जरिए बेचने का नेटवर्क बनाया। 5 सितंबर की रात रुद्रांश मोटर गैरेज के बाहर से इनोवा क्रिस्टा चोरी की गई थी। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर साहिल राय से पूछताछ की। पूछताछ में उसने एक्टिवा बनवाने के बहाने गैरेज पहुंचकर इनोवा की चाबी चुराने की बात बताई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की कार और चाबी बरामद कर ली। जांच के दौरान मेकाहारा, घड़ी चौक, आमासिवनी, तेलीबांधा और धनसुली से हुई अन्य वाहन चोरियों की जानकारी सामने आई। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source: Source