हिमाचल प्रदेश के बद्दी में विजिलेंस टीम ने रिश्वत के मामले में वन विभाग के बीओ सतीश और नरेश नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 22 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। आरोप है कि खैर कटान की अनुमति से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के लिए ठेकेदार से रकम मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत के अनुसार बीओ सतीश ने रिश्वत की रकम खुद लेने के बजाय नरेश को देने के लिए कहा था। इसके बाद विजिलेंस की बद्दी यूनिट ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। डीएसपी विजिलेंस अनिल मेहता के नेतृत्व में टीम ने तय योजना के तहत निगरानी की। शिकायतकर्ता द्वारा रकम दिए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। मामले में रिश्वत की मांग और रकम के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। खैर कटान की अनुमति से संबंधित फाइल और पूरी सरकारी प्रक्रिया की भी जांच होगी। विजिलेंस आईजी बीमल गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार बद्दी उपमंडल में पिछले 15 दिनों में रिश्वत के मामले में यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले एक महिला पटवारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।
Source: Source