रोहतक पुलिस ने सत्यवान हत्याकांड मामले में नौवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार निवासी विपिन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विपिन ने सत्यवान पर गोली चलाई थी और उसके अपहरण में भी शामिल था। पुलिस ने उसे 10 सितंबर 2026 को बिहार के थरथरी गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में आठ अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना 20 फरवरी 2026 को खरावड़ आउटर बाइपास के पास हुई थी। पुलिस को वहां एक ब्रेजा कार मिली थी, जिस पर गोलियों के निशान थे। मौके से खून और खाली कारतूस भी बरामद हुए थे। बाद में 24 फरवरी की सुबह जेएनएल नहर के पास सत्यवान का शव बरामद किया गया था। पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार सत्यवान को 2018 में अपने गांव के एक युवक की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा मिली थी। वह हाईकोर्ट में अपील के चलते जमानत पर जेल से बाहर था। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच कर रही है।
Source: Source