बिलासपुर के डीपी विप्र विधि महाविद्यालय में एक नए छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने तुषार दुबे पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने पर छात्र के साथ गाली-गलौज और लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महेश साहू, अखिलेश समेत करीब दर्जनभर छात्रों ने तुषार को घेर लिया था। आरोप है कि मारपीट में कॉलेज के वर्तमान छात्रों के अलावा पुराने छात्र भी शामिल थे। इन पुराने छात्रों ने वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर ली है। घटना के बाद जूनियर छात्रों में डर का माहौल है। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ रैगिंग के एंगल से भी पड़ताल की मांग की है। उनका कहना है कि सीनियर छात्रों को नए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना चाहिए, न कि उन पर दबाव बनाना चाहिए। प्राचार्य सुषमा तिवारी के अनुसार, कुछ पुराने छात्र चलती कक्षा में घुसकर इंट्रोडक्शन लेने लगे थे। शिक्षक के रोकने पर उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया और छात्रों को जबरन उसमें शामिल होने के लिए कहा। एक छात्र के इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद कॉलेज कमेटी ने पुराने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया है। उनके कॉलेज परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने और बार काउंसिल को जानकारी भेजने का निर्णय लिया गया है। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने कहा कि कॉलेज से लिखित जानकारी मिलने के बाद FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source