नूंह जिले में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। कार्रवाई रोजका मेव थाना क्षेत्र के खेड़ा खलीलपुर के पास KMP एक्सप्रेसवे पर की गई। पुलिस ने एक महिंद्रा कैंटर से 472 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। इन पेटियों में कुल 5,664 बोतलें मिलीं। मामले में कैंटर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार, फिरोजपुर झिरका सीआईए स्टाफ की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को शराब से भरे कैंटर के गुजरने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार्टन के कट्टों के पीछे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। आरोपियों ने कैंटर में शराब इस तरह रखी थी कि बाहर से केवल कार्टन का सामान दिखाई दे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन निवासी खरावड़, रोहतक और राकेश राठौर निवासी पानीपत के रूप में हुई है। मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट या बिल पेश नहीं कर सके। पूछताछ में पता चला कि शराब पंजाब से लोड कर पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही थी। रोजका मेव थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस शराब की खेप के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
Source: Source