कुरुक्षेत्र के पिहोवा में आज राज्य स्तरीय किसान महापंचायत आयोजित होगी। महापंचायत में प्रदेशभर से किसान प्रतिनिधि और 10 किसान संगठन शामिल होंगे। किसानों की सबसे बड़ी मांग 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की है। किसान संगठनों ने इस मांग को लेकर पहले ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। खरीद शुरू नहीं होने पर किसानों ने प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। महापंचायत में धान खरीद की तारीख और नमी की सीमा पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। किसान धान खरीद के लिए नमी की सीमा 17 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की मांग कर रहे हैं। गन्ने के उचित रेट को लेकर भी सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। किसान संगठनों का कहना है कि चीनी के बढ़े दाम का लाभ गन्ना किसानों को भी मिलना चाहिए। दूध के रेट को लेकर भी महापंचायत में चर्चा होगी। सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी का मुद्दा भी उठाया जाएगा। बैठक में किसानों की मांगों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। मांगें पूरी नहीं होने पर किसान संगठन आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। महापंचायत में सरकार के खिलाफ संभावित प्रदर्शन की रूपरेखा पर भी मंथन होगा।
Source: Source