भास्कर न्यूज | पामगढ़ जिले के पामगढ़ में महज दो हजार रुपए के पुराने लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक नाबालिग की जान ले ली। आरोप है कि कुछ युवकों ने 15 वर्षीय शिवा टंडन और उसके पिता महेश टंडन के साथ लोहे के पाइप, रॉड और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल शिवा को पहले पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया, जहां से परिजन बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले गए। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पामगढ़ के वार्ड क्रमांक 4 निवासी महेश टंडन से कुछ युवकों का दो हजार रुपए के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने महेश टंडन और उनके बेटे शिवा टंडन के साथ जमकर मारपीट की। वहीं, उसके पिता महेश टंडन भी मारपीट में घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल शिवा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर मौजूद स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू करने के बजाय पहले थाने में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। बाद में शिवा की हालत गंभीर होने पर उसे रात में बिलासपुर रेफर कर दिया गया। वहां से परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल लेकर गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नाबालिग की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले गए थे परिजन आरोपियों ने शिवा पर लोहे के पाइप और रॉड से कई बार वार किए। इसके अलावा उसके साथ हाथ-मुक्कों से भी मारपीट की गई और कई बार उठाकर जमीन पर पटका गया। इससे शिवा के सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
Source: Source