सोनीपत क्षेत्र में पैर पसार रहे अपराधियों और गैंगस्टर नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए सोनीपत पुलिस ने अपनी रणनीति पूरी तरह बदल दी है। बढ़ते क्राइम को कंट्रोल करने के लिए पुलिस लगातार नई और आक्रामक प्लानिंग पर काम कर रही है, जिसके तहत जिले में स्पेशल क्राइम जोन का गठन किया गया है। पुलिस की इस मुस्तैदी का नतीजा है कि पिछले कुछ समय में पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ 18 मुठभेड़ हुई हैं। इन मुठभेड़ों में कुल 24 बदमाशों को पुलिस की गोली लगी है, जबकि 4 अपराधी ढेर किए जा चुके हैं। पुलिस की इस बैक-टू-बैक कार्रवाई से जिले के लॉरेंस, भाऊ और अन्य स्थानीय गैंग्स के गुर्गों में हड़कंप मचा हुआ है। वर्ष 2024 से लेकर वर्ष 2026 (अब तक) के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करते हुए लगातार हाफ एनकाउंटर्स किए। रविवार को पहली बार एक दिन में दो मुठभेड़ कर 2 हत्याओं में फरार 5 आरोपियों को गोली मारकर पकड़ा। ^क्षेत्र में किसी भी सूरत में गैंगस्टर्स और अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। हरियाणा प्रदेश के अंदर सबसे ज्यादा बदमाशों के साथ मुठभेड़ सोनीपत पुलिस की हुई है। स्पेशल क्राइम जोन बनाए जाने के बाद लगातार अपराधियों की धरपकड़ तेज की है। पुलिस की इस आक्रामक और सख्त कार्रवाई का असर धरातल दिख रहा है, रिकॉर्ड गवाह है कि पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए किसी भी बदमाश ने दोबारा क्राइम करने की हिम्मत नहीं की है। हमारा अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। -अजय धनखड़ प्रभारी, एंटी गैंगस्टर यूनिट।
: Source