रायपुर के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में प्राइवेटकर्मी से लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 29 अगस्त की देर रात ग्राम कुर्रा के पास हुई। धमतरी जाते समय आरोपियों ने पीड़ित रोहित कुमार यादव का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से उस पर हमला किया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके वाहन में तोड़फोड़ कर करीब 16 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया। हमलावर मोबाइल फोन और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने जांच शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सागर साहू, चंदन यादव, टीकम साहू, मुकेश नगराची और घनश्याम निषाद शामिल हैं। मामले में चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। इन बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से लूटे गए मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू-डंडे के बारे में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
Source: Source