जांजगीर-चांपा के पामगढ़ में 2 हजार रुपये के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर वार्ड क्रमांक 04 में हुई। परिजनों का आरोप है कि युवकों ने किशोर और उसके पिता के साथ मारपीट की। आरोप है कि किशोर को कई बार उठाकर जमीन पर पटका गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद किशोर की मां उसे लेकर पामगढ़ थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। घायल शिवा टंडन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान शिवा ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम रायपुर भेजी गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मारपीट की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
Source: Source