पलवल के मोहन नगर में 31 वर्षीय विवाहिता हेमलता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दी। मृतका के पिता प्रेमपाल सिंह ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि बेटी के ससुराल वाले मायके से 15 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। परिवार की ओर से मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने का भी दबाव बनाए जाने की बात कही गई है। शिकायत के अनुसार शादी के बाद से हेमलता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति और अन्य ससुराल वालों ने 2 अगस्त की सुबह उसके साथ मारपीट भी की थी। हेमलता ने फोन पर अपने परिजनों को रातभर मारपीट और खाना-कपड़ा नहीं देने की जानकारी दी थी। उसी दिन दोपहर बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को उसके फंदा लगाने की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के लिए सैंपल एफएसएल गुरुग्राम भेजे गए हैं। कैंप थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source: Source