पानीपत में बबैल नाका से सेक्टर-25 जाने वाले रास्ते पर लक्ष्मी नर्सरी में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। हादसा गुरुवार दोपहर हुआ। बताया जा रहा है कि नर्सरी में रखे गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हुआ। रिसाव के कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी नर्सरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग में महंगे पौधे, गमले, छप्पर, बिस्तर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मिट्टी और पानी डालकर शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। लोगों के समय रहते सुरक्षित दूरी पर चले जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग के कारण नर्सरी संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है।
Source: Source