राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक युवक ने बजाज फाइनेंस के कर्मचारियों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक घटना 17 अगस्त को स्काई पार्क बिल्डिंग स्थित कंपनी के कार्यालय में हुई। हर्षित बिहार कॉलोनी, उरकुरा निवासी अजय कुमार पांडेय अपने दोस्त मुनीश मिश्रा के लोन संबंधी मामले में बातचीत के लिए कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ रामलोलारख त्रिपाठी भी मौजूद थे। आरोप है कि लोन सेटलमेंट को लेकर बातचीत के दौरान सन्नी, कलेक्शन मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। अजय के मुताबिक कर्मचारियों ने उन्हें कार्यालय से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी और गाली-गलौज की। विरोध करने पर उनके साथ हाथ और मुक्कों से मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना में अजय की नाक, कान, सिर और गर्दन में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। मुनीश मिश्रा और रामलोलारख त्रिपाठी ने बीच-बचाव किया और वे घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
Source: Source