कांकेर के पखांजूर क्षेत्र से सटे महाराष्ट्र में बाघ के हमले में एक युवक की मौत के बाद दहशत फैल गई है। घटना के बाद छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के वन विभाग ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। पखांजूर के पी.व्ही. 19 गांव में बाघ के पदचिह्न मिलने की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने जांच के बाद इन पदचिह्नों को बाघ का बताया है। इसी बाघ द्वारा क्षेत्र में एक गाय का शिकार किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। महाराष्ट्र के दोढाडा गांव में जंगल की ओर गए ग्रामीण हरीलाल वड्डडे पर बाघ ने हमला किया था। इस हमले में उनकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है। सड़क से गुजर रहे लोगों ने सड़क किनारे खड़े बाघ का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महाराष्ट्र का यह इलाका बाघ कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल या जंगल से सटे क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। लोगों को बाघ दिखाई देने पर उसके पास न जाने और तुरंत वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।
Source: Source