राजिम के भगवान श्री राजीव लोचन मंदिर में परंपरागत श्रावण झूला पर्व का आयोजन किया जा रहा है। पर्व की शुरुआत 15 अगस्त से होगी। 16 अगस्त से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। आयोजन श्री राजीव लोचन मंदिर ट्रस्ट कमेटी और पुजारी समिति द्वारा किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। पहले दिन गौरी-गणेश पूजन और वेदी पूजन के बाद श्रीमद्भागवत महात्म्य सुनाया जाएगा। कथा व्यास पंडित वरुण तिवारी संगीतमय शैली में धार्मिक प्रसंगों का वर्णन करेंगे। दूसरे दिन महाभारत कथा, परीक्षित जन्म, परीक्षित श्राप और सृष्टि वर्णन किया जाएगा। तीसरे दिन कपिल गीता, महासती अनुसुइया, सती-शिव और ध्रुव चरित्र की कथा होगी। चौथे दिन पृथ्वी, ऋषभ, भरत, अजामिल और प्रह्लाद चरित्र के प्रसंग सुनाए जाएंगे। पांचवें दिन गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन और सूर्यवंश का वर्णन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
Source: Source