चंबा जिले के गोल्टी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चुराह क्षेत्र के सालवी गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। उसका शव किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला रितु कुमारी को हिरासत में लिया है। अनिल पिछले करीब चार वर्षों से रितु के साथ गोल्टी गांव में रह रहा था। रितु अपने दो बच्चों के साथ उसी कमरे में रहती थी। महिला ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ देर पहले अनिल कमरे में आया था। उसने मैगी बनाने और उसकी छह वर्षीय बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने के लिए कहा था। रितु के अनुसार, लौटने पर उसने अनिल को फंदे से लटका देखा। उसने शव को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन फंदा नहीं खोल सकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
Source: Source