शंकरगढ़ के चिरई घाट में सोमवार को हाइड्रा वाहन और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार पति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हुई है। मृतक की पहचान जमड़ी निवासी 38 वर्षीय एकनोर तिर्की के रूप में हुई है। उनकी पत्नी तरशिला तिर्की की उम्र 36 वर्ष बताई गई है। दोनों पति-पत्नी स्कूटी से जा रहे थे। चिरई घाट के पास उनकी स्कूटी की हाइड्रा वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एकनोर तिर्की को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी तरशिला तिर्की का उपचार जारी है। हादसे के बाद हाइड्रा वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक तथा वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Source: Source