पठानकोट में सड़क हादसे में 40 वर्षीय नेपाली नागरिक पंच बहादुर की मौत हो गई। हादसा 8 अगस्त की रात करीब 9 बजे चक्की पुल के पास हुआ। डमटाल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पंच बहादुर और उनके भतीजे सुरेश भुजेल सड़क पर गिर गए। पंच बहादुर के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर बेहोश हो गए। उनके भतीजे सुरेश को भी हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल सुरेश ने राहगीरों की मदद से अपने चाचा को सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पंच बहादुर को अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर किया। अमृतसर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंच बहादुर अपने परिवार के साथ नेपाल में एक महीने की छुट्टी बिताने की तैयारी कर रहे थे। वह अपने भतीजे को लेने के लिए पठानकोट आए थे और अगले दिन नेपाल रवाना होना था। पुलिस ने कैंटर जब्त कर फरार चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Source: Source