दुर्ग पुलिस ने आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोहन नगर और पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की। आरोपियों पर शासकीय कर्मचारी से मारपीट और सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर दहशत फैलाने के आरोप हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल चार धारदार हथियार जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो FCI कर्मचारी से मारपीट के मामले में शामिल हैं। मोहन नगर क्षेत्र में 30 जुलाई को शासकीय कार्य के दौरान कर्मचारी के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने अभिषेक जाल उर्फ भालू और दुर्गेश महानंद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया है। दूसरी कार्रवाई में पुरानी भिलाई पुलिस ने बिजली नगर क्षेत्र से तीन युवकों को हथियारों के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक राहगीरों को हथियार दिखाकर भयभीत कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन अलग-अलग धारदार हथियार मिले। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Source: Source