होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र में पुलिस ने सरिया लदे ट्रॉला लूट मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन, लूटा गया ट्रॉला और 16.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह रकम बेचे गए सरिए से मिलने की बात सामने आई है। घटना 6 जुलाई को ऊंची बस्सी के पास नेशनल हाईवे पर हुई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने चालक को बंधक बनाकर सरिया लदा ट्रॉला लूट लिया था। पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान कपूरथला और पटियाला जिले के निवासियों के रूप में हुई है। गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत ने गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस रिमांड मंजूर किया है। पुलिस पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों और गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Source: Source