छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में कपड़े की एक दुकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। स्टेट बैंक रोड स्थित दुकान में मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे आग लगी। आग तेजी से फैलने के कारण पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने धुआं और लपटें देखकर दुकान संचालक को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का पानी खत्म हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे में दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार नुकसान 50 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। आग बुझाने में स्थानीय पार्षदों और लोगों ने भी सहयोग किया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।
Source: Source