प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के मसगा गांव में जंगली हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। गुरुवार रात 12 से 14 हाथी गांव में पहुंचे और खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने करीब 3 से 4 एकड़ क्षेत्र में लगी धान की फसल रौंद दी। कई जगह हाथियों ने फसल खा ली, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। महीनों की मेहनत पलभर में बर्बाद होने से किसान चिंतित हैं। प्रभावित किसानों अशोक कुमार जायसवाल, संदीप कुमार और विकास कुमार ने आर्थिक संकट की बात कही। किसानों ने खेती के लिए बैंक से ऋण लिया था और कृषि सामग्री पर बड़ी रकम खर्च की थी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा मुआवजा व्यवस्था से वास्तविक नुकसान की भरपाई नहीं हो पा रही है। क्षेत्र में लंबे समय से हाथियों का आतंक बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है। हाथियों की लगातार आवाजाही से गांव में डर का माहौल बना हुआ है।
Source: Source