यमुनानगर में शेयर मार्केट कारोबार में साझेदारी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शेयर मार्केट ट्रेनर की शिकायत पर रिटायर्ड SHO की बेटी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला ने सेबी लाइसेंस लेकर कारोबार शुरू करने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद दो साल में उससे करीब 2.45 करोड़ रुपये ले लिए गए। इसमें 2.10 करोड़ रुपये बैंक खातों के जरिए और 35 लाख रुपये नकद दिए जाने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पहचान महिला से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि पैसों से प्लॉट, वाहन, गहने और अन्य सामान खरीदे गए। पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
Source: Source