लुधियाना में गुरुवार को हुई तेज बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। करीब दो घंटे की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई सड़कें धंस गईं और बाजारों में पानी भर गया। बारिश शुरू होते ही शहर के लगभग 40 बिजली फीडर बंद हो गए। बिजली कटौती का असर आम लोगों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों पर पड़ा। कई इलाकों में सुबह से दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। दुगरी, मॉडल टाउन, सराभा नगर, धांधरां रोड और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में लोग परेशान रहे। औद्योगिक इलाकों में बिजली संकट के कारण फैक्ट्रियों को डीजल जनरेटर चलाने पड़े, जिससे कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा। बिजली विभाग के शिकायत नंबर पर हजारों शिकायतें दर्ज हुईं। विभाग के अनुसार दोपहर तक अधिकांश शिकायतों का समाधान कर दिया गया, लेकिन लोगों को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ी। खास बात यह रही कि मानसून से पहले करोड़ों रुपये खर्च कर बिजली ढांचे को मजबूत करने के दावे किए गए थे। विभाग ने नए फीडर और ट्रांसफॉर्मर लगाने सहित कई सुधार कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए थे। बारिश के बाद शहर की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं।
Source: Source